दो नाइजीरियाई नागरिकों समेत चार लोग मादक पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार, कोकीन और एमडी जब्त
दो नाइजीरियाई नागरिकों समेत चार लोग मादक पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार, कोकीन और एमडी जब्त
ठाणे/पालघर, 14 जनवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर जिलों में मादक पदार्थ रखने के अलग-अलग मामलों में दो नाइजीरियाई नागरिकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह चलाए गए अभियानों के दौरान उनके कब्जे से 12.80 लाख रुपये से अधिक मूल्य की कोकीन और एमडी (मेफेड्रोन) सहित अन्य प्रतिबंधित नशीले पदार्थ जब्त किए गए थे।
पहले अभियान में अपराध इकाई पांच ने एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई की और ठाणे शहर के वागले एस्टेट में जाल बिछाया। पुलिस ने कहा कि इस अभियान के परिणामस्वरूप तीन संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई जिनमें नाइजीरियाई नागरिक ओनीडीकाची प्रीशियस इकेचुकवु (24) और दो अन्य लोग आलम आबिद शेख (27) और उस्मान उर्फ सोनू अब्दुल कादिर शेख (37)शामिल हैं।
पुलिस ने कहा कि उनके पास से 101.16 ग्राम कोकीन जब्त किया गया जिसकी कीमत 10,12,000 रुपये है। तीनों के खिलाफ स्वापक ओषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने कहा कि दूसरे अभियान में एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पालघर शहर के नालासोपारा में जाल बिछाकर एक अन्य नाइजीरियाई नागरिक को पकड़ गया जिसकी पहचान 46 वर्षीय एंथोनी चिजिको न्याफोर के रूप में हुई है। इसके खिलाफ भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा संतोष माधव
माधव

Facebook


