झारखंड में युवक की हत्या मामले में चार गिरफ्तार; मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल
झारखंड में युवक की हत्या मामले में चार गिरफ्तार; मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल
जमशेदपुर, नौ जुलाई (भाषा) झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक युवक की हत्या से जुड़े मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि गिरफ्तार लोगों में मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ शाबे भी शामिल है, जिसे पुलिस के साथ कथित मुठभेड़ में घायल होने के बाद पकड़ा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (पूर्वी सिंहभूम) एहतेशाम वकारीब ने संवाददाताओं को बताया कि शाबे ने पुलिस टीम पर उस समय गोली चला दी, जब उसे मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर में रोड नंबर 14 के पास एक जंगली इलाके में ले जाया जा रहा था, ताकि हत्या में इस्तेमाल किए गए दो हथियार बरामद किए जा सकें।
वकारीब ने कहा, ‘‘तलाशी अभियान के दौरान शाबे ने दो हथियारों में से एक हथियार उठा लिया, पुलिस टीम पर गोली चलाई और हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसे गोली लग गई।’’
उन्होंने बताया कि शाबे को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
वकारीब के मुताबिक, बुधवार रात मानगो थाना क्षेत्र के मुंशी मोहल्ला में राहुल बच्चा नामक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पुलिस ने शाबे समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, राहुल को गोली मारने के बाद आरोपियों ने उस पर कथित तौर पर पत्थरों और डंडों से हमला किया।
उसने बताया कि गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों की पहचान सौरव दत्ता उर्फ बंगाली, आफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पांडे के तौर पर हुई है।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित के भाई राजा कुमार की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उसने कहा कि राहुल की हत्या की वजह अभी पता नहीं चल पाई है और मामले की जांच जारी है।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश

Facebook


