नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रियायती दर पर हवाई टिकट बुक कराने के बहाने लोगों को ठगने वाले साइबर जालसाजों के एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से 47 लाख रुपये नकद और एक मर्सिडीज एस-क्लास कार सहित अन्य सामान बरामद किया है।
आरोपियों की पहचान ‘मास्टमाइंड’ मृदुल जोशी (35), हिमांशु अनिल शर्मा (24), गौरव (20) और राकेश (52) के रूप में हुई है।
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अमित गोयल ने एक बयान में कहा, ‘यह गिरोह दिल्ली, गोवा और मुंबई में सक्रिय था और सोशल मीडिया मंचों और फर्जी यात्रा बुकिंग सेवाओं के माध्यम से पीड़ितों को निशाना बना रहा था।’
पुलिस के अनुसार, यह मामला सात अप्रैल को दक्षिण-पश्चिम जिले के साइबर थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद सामने आया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कनाडा में रहने वाले उसके भाई ने रियायती दर पर टिकट की पेशकश करने वाले एक सोशल मीडिया पेज के माध्यम से टोरंटो से दिल्ली की उड़ान का टिकट बुक कराने को लेकर 3.8 लाख रुपये की ठगी की गई।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित से अमेरिका स्थित एक नंबर के माध्यम से संपर्क किया गया और उसे बुकिंग की पुष्टि का आश्वासन देकर पैसे हस्तांतरित करने के लिए राजी किया गया, लेकिन रकम लेने के बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।
डीसीपी ने बताया कि जांचकर्ताओं ने इस गिरोह के संगठित नेटवर्क का पता लगाया जो कई स्थानों पर फैला हुआ था।
उन्होंने बताया कि जोशी दिल्ली के पटेल नगर से इस गिरोह का संचालन कर रहा था और पीड़ितों को निशाना बनाने के लिए उसने गोवा में एक फर्जी कॉल सेंटर स्थापित किया था।
उनके मुताबिक, उसने मुंबई में ‘म्यूल’ (ऐसे बैंक खाते जो कमीशन पर दिए जाते हैं) बैंक खाते उपलब्ध करवाए थे।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस गिरोह ने देश भर में कई लोगों को ठगा है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश