राजस्थान में शराब समझकर पिया रसायन, तीन महिलाओं सहित चार की मौत: पुलिस

राजस्थान में शराब समझकर पिया रसायन, तीन महिलाओं सहित चार की मौत: पुलिस

राजस्थान में शराब समझकर पिया रसायन, तीन महिलाओं सहित चार की मौत: पुलिस
Modified Date: February 13, 2026 / 12:21 pm IST
Published Date: February 13, 2026 12:21 pm IST

जयपुर, 13 फरवरी (भाषा) राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में कुछ लोगों ने संदिग्ध पदार्थ (रसायन) को शराब समझकर पी लिया जिससे तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार घटना जिले के अलोली गांव में बृहस्पतिवार रात को हुई।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि इन चारों की मौत संदिग्ध पदार्थ के सेवन से हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार इन चारों ने शादी में खाना गर्म रखने के लिए ईंधन के रूप में उपयोग किया जाने वाला ‘मेथनॉल कार्बनिक सॉल्ट’ गलती से शराब समझकर पी लिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए हैं। वहीं शवों का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा करवाया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार एक समुदाय की कुछ महिलाएं अलोली गांव में एक विवाह कार्यक्रम में बर्तन मांजने आदि के काम के लिए गई थीं। वहां से वे शादी के टेंट में रखी प्लास्टिक की चार बोतल चोरी छुपे ले आईं जिनमें पानी जैसा पदार्थ भरा था।

बृहस्पतिवार को परिवार के कुछ लोगों ने इस पदार्थ को शराब समझकर पीना शुरू कर दिया। इससे उनकी हालत बिगड़ गई व उल्टियां होने लगीं। परिवार के लोग बृहस्पतिवार रात उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगापुर ले गए।

पुलिस के अनुसार इलाज के दौरान जमनी बाई (62), सुशीला देवी (48) व रतन (49) की मृत्यु हो गई। वहीं बदामी देवी की भीलवाड़ा के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई।

भाषा पृथ्वी अमित सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में