प्रयागराज के कोरांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत

प्रयागराज के कोरांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत

प्रयागराज के कोरांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत
Modified Date: May 28, 2023 / 12:03 pm IST
Published Date: May 28, 2023 11:03 am IST

प्रयागराज (उप्र), 28 मई (भाषा) जिले के यमुनापार कोरांव थाना क्षेत्र में छड़गड़ा मोड़ के पास शनिवार की रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से उसमें सवार तीन महिलाओं सहित चार व्यक्तियों की मृत्यु हो गई और करीब पांच व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि ये सभी एक ही परिवार से थे और एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर साजी गांव से मड़ाफा कलां गांव ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे, तभी छड़गड़ा मोड़ पर नहर के किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और पलट गई जिससे ट्रॉली के नीचे दबकर चार लोगों की मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान रीता देवी (20), सुमन देवी (28), शिवकुमारी (35) और आशीष (20) के रूप में हुई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक घटना के बाद से फरार है।

इस दुर्घटना में घायल रामचंद्र का स्वरूपरानी अस्पताल में इलाज हो रहा है। रामचंद्र ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक उमाकांत ने वापसी से पहले कार्यक्रम में शराब पी ली थी और मना करने के बावजूद उसने वाहन चलाया।

रामचंद्र ने बताया कि इस दुर्घटना से पहले उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़क पर खड़ी एक मोटरसाइकिल को गिरा दिया था और इसके बाद वह डर के मारे वाहन को तेजी से भगाने लगा जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और नहर के किनारे गड्ढे में जा गिरा और पलट गया।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद वह घटनास्थल से भाग गया। ट्रॉली के नीचे काफी देर दबे होने से तीन महिलाओं और एक युवक की मृत्यु हो गई।

भाषा राजेंद्र सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में

IBC24 डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं, जहां मेरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति सहित प्रमुख विषयों की खबरों की कवरेज और प्रस्तुति है। वर्ष 2016 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हूं और अब तक 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए न्यूज़ राइटिंग और डिजिटल टूल्स में दक्षता हासिल की है। मेरे लिए पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है—सटीक, तेज और असरदार जानकारी पाठकों तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। बदलते डिजिटल दौर में खुद को लगातार अपडेट कर, कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।