मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों के हमले में चार लोगों की मौत, एक व्यक्ति घायल

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों के हमले में चार लोगों की मौत, एक व्यक्ति घायल

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में उग्रवादियों के हमले में चार लोगों की मौत, एक व्यक्ति घायल
Modified Date: August 27, 2026 / 07:04 pm IST
Published Date: August 27, 2026 7:04 pm IST

इंफाल, 27 अगस्त (भाषा) मणिपुर के कांगपोकपी जिले में बृहस्पतिवार को सशस्त्र उग्रवादियों द्वारा घात लगाकर एक वाहन पर किये गये हमले में कम से कम चार लोग मारे गए, जबकि एक अन्य घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मकुई अशांग और थाबंबा नगा इलाकों के बीच एक सुनसान जगह पर उग्रवादियों ने घात लगाकर एक गाड़ी पर हमला किया, जिसमें चार लोग मारे गये एवं एक व्यक्ति घायल हो गया।

अधिकारियों का कहना है कि इस हमले में हताहत हुए सभी लियांगमाई नगा समुदाय से थे।

अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान टैडसोंगबोउ रिंगकांगमाई (एक निजी विद्यालय के संस्थापक और प्राचार्य), एम विजुनमाई, अनिल विजुनमाई और विसोबोउ चारेनामाई (जो चावांगकिइनिंग विलेज अथॉरिटी के अध्यक्ष थे) के तौर पर हुई है।

उन्होंने कहा कि शवों को सेनापति ज़िला अस्पताल लाया जा रहा है।

घायल व्यक्ति की पहचान गायकमांग रिंगकांगमई के रूप में हुई।

इस हमले के बाद, ‘नगा पीपुल्स ऑर्गेनाइजेशन’ ने सेनापति ज़िला मुख्यालय शहर में दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करवा दिया।

मई 2023 से मणिपुर में घाटी में रहने वाले मेइती और पहाड़ी ज़िलों में रहने वाले कुकी लोगों के बीच हुई जातीय हिंसा में कम से कम 260 लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।

लगातार जातीय टकराव जारी रहने और मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफा दे देने के बाद, 13 फरवरी 2025 को राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था। लगभग एक साल बाद चार फरवरी को राष्ट्रपति शासन हटा लिया गया।

शुरुआत में, नगा समुदाय मेइती और कुकी समुदायों के बीच हुई झड़पों से दूर रहा। हालांकि, इस साल हालात बदल गए और वे भी हिंसा की चपेट में आ गए।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में