हैदराबाद, पांच जुलाई (भाषा) तेलंगाना के नलगोंडा जिले में हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक निजी बस की टक्कर से कार में सवार दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, कार चेन्नई से हैदराबाद जा रही थी और इसमें पांच लोग सवार थे।
पुलिस ने बताया कि विशाखापत्तनम से हैदराबाद जा रही बस ने रविवार तड़के करीब पांच बजे जिले के चित्याल के पास कार को पीछे से टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में कार चालक को चोटें आईं, जबकि उसकी पत्नी, दो बच्चों और एक मित्र की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।
उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि इस हादसे में बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन