जयपुर, पांच जुलाई (भाषा) राजस्थान के कई हिस्सों में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार, उदयपुर जिले के सलूंबर में सर्वाधिक 6 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
पूर्वी राजस्थान में कोटा जिले के सांगोद में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा, झालावाड़ जिले के बकानी और झालरापाटन में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
इसके अलावा डूंगरपुर के आसपुर, कोटा के पीपलदा, बांसवाड़ा के जगपुर और चित्तौड़गढ़ के डूंगला में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं प्रतापगढ़ के अरनोद, सिरोही के पिंडवाड़ा, बांसवाड़ा के बागीदौरा और झालावाड़ के अकलेरा सहित कई स्थानों पर 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
पश्चिमी राजस्थान में जोधपुर तहसील में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि बाड़मेर के गुड़ामालानी में 4 सेंटीमीटर वर्षा हुई। जालोर के सांचौर, बाड़मेर के गड़रारोड और पाली के रोहट में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा नागौर के खीमसर, बाड़मेर के धोरीमन्ना और हनुमानगढ़ के भादरा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं जोधपुर के शेरगढ़, जैसलमेर, नागौर के मकराना और चूरू के रतनगढ़ सहित कई स्थानों पर 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के अन्य कई स्थानों पर भी एक सेंटीमीटर से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई।
भाषा पृथ्वी रंजन
रंजन