आंध्र प्रदेश में कार दुर्घटना में चार लोगों की मौत, दो घायल

आंध्र प्रदेश में कार दुर्घटना में चार लोगों की मौत, दो घायल

आंध्र प्रदेश में कार दुर्घटना में चार लोगों की मौत, दो घायल
Modified Date: April 28, 2026 / 11:41 am IST
Published Date: April 28, 2026 11:41 am IST

विजयनगरम (आंध्र प्रदेश), 28 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर तेज गति से जा रही एक कार से कुचल कर दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। इस हादसे में कार में सवार दो लोगों की भी मौत हो गई।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि कार ने खड़ी कुछ गाड़ियों को भी टक्कर मारी।

जिले के पुलिस अधीक्षक ए आर दामोदर ने बताया कि यह हादसा सोमवार देर रात उस समय हुआ, जब श्रीकाकुलम से विशाखापत्तनम की ओर जा रही कार कथित रूप से तेज गति के कारण अनियंत्रित हो गई और पैदल यात्रियों को कुचलने के बाद खड़े वाहनों से टकरा गई।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित हो कर, एक खड़े ट्रक के पास खड़े लोगों को कुचल दिया और फिर एक अन्य वाहन से जा टकराई।”

पुलिस अधीक्षक के अनुसार, कार की गति लगभग 150 किलोमीटर प्रति घंटा थी और उसने अचानक बाईं ओर मुड़ते हुए सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए विशाखापत्तनम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने बताया कि खड़े ट्रक को भी कार ने टक्कर मार दी। कार में सवार दो लोगों की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा यात्री घायल हो गया, जिसे विजयनगरम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि एक पीड़ित लगभग 30 मीटर दूर जा गिरा, जिससे वाहन की अत्यधिक गति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि पैदल यात्रियों को टक्कर मारने के बाद कार आगे बढ़ते हुए एक अन्य खड़े ट्रक से भी टकरा गई, जिससे अतिरिक्त नुकसान हुआ।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।

भाषा मनीषा अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में