झारखंड: धनबाद में जमीन धंसने से मकान क्षतिग्रस्त, नाबालिग की मौत; चार घायल
झारखंड: धनबाद में जमीन धंसने से मकान क्षतिग्रस्त, नाबालिग की मौत; चार घायल
धनबाद, आठ सितंबर (भाषा) झारखंड में धनबाद के सिजुआ कोयला खनन क्षेत्र में मंगलवार को जमीन धंसने से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, 12 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई और कम से कम चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
धनबाद के पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नाबालिग की मौत इलाज के दौरान यहां के एक सरकारी अस्पताल में हुई।
उन्होंने बताया कि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के सिजुआ क्षेत्र में जमीन धंसने से सात मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
सोय ने कहा, ‘शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घायलों का इलाज सिजुआ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।’
डीएसपी ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और बीसीसीएल के अधिकारी प्रभावित परिवारों के साथ बातचीत कर रहे हैं और उन नाराज लोगों को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्होंने कोयला खनन क्षेत्रों में जमीन धंसने की घटनाओं के विरोध में कतरास-सिजुआ सड़क के एक हिस्से को जाम कर दिया था।
अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों में सरकार आमतौर पर 2.5 से तीन लाख रुपये तक का मुआवजा देती है।
सिजुआ क्षेत्र के बीसीसीएल के महाप्रबंधक निर्झर चक्रवर्ती ने कहा कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस बीच, बाघमारा के विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शत्रुघ्न महतो ने जमीन धंसने की घटनाओं के लिए ‘अवैध’ कोयला खनन को जिम्मेदार ठहराया।
महतो ने कहा, ‘अवैध कोयला खनन से मिट्टी कमजोर हो गई है, जिसके कारण यह धंसाव हुआ। इसकी गहन जांच की जानी चाहिए।’
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


