चंडीगढ़, 20 जून (भाषा) जबरन वसूली और गोलीबारी की घटनाओं में शामिल एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए हैं।
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी विदेशों में बैठे कुछ आकाओं के इशारे पर काम कर रहे थे। वे जालंधर और एसबीएस नगर जिलों में गोलीबारी की कई घटनाओं की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में शामिल थे।
यादव ने बताया कि इस संबंध में जालंधर के भार्गव कैंप थाने में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन