मप्र के सागर में कुएं में मृत पाई गईं चार नाबालिग बहनें, मां घर में फंदे से लटकी मिली
मप्र के सागर में कुएं में मृत पाई गईं चार नाबालिग बहनें, मां घर में फंदे से लटकी मिली
सागर (मध्यप्रदेश), 12 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के सागर जिले के एक गांव में बृहस्पतिवार को पांच महीने से सात साल उम्र की चार बहनें एक कुएं में मृत पाई गईं, जबकि उनकी मां घर में फंदे से लटकी मिली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि मां ने बच्चियों को कथित तौर पर कुएं में फेंकने के बाद आत्महत्या कर ली।
ये घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर खमरिया गांव में हुई।
नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप ने संवाददाताओं को बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि सविता लोधी (30) ने अपनी चार बेटियों को कुएं में फेंक दिया और बाद में अपने घर में फांसी लगा ली।
उन्होंने बताया कि पांच महीने से सात साल की उम्र की बहनों के शव एक स्थानीय किसान के खेत में स्थित कुएं से मिले।
घटना की सूचना मिलने के बाद केसली पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, पूरी घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
कश्यप ने बताया कि पुलिस मृतक के परिवार के सदस्यों और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
भाषा सं ब्रजेन्द्र शफीक
शफीक

Facebook


