करावल नगर में चार मंजिला इमारत गिरी, कोई हताहत नहीं

करावल नगर में चार मंजिला इमारत गिरी, कोई हताहत नहीं

करावल नगर में चार मंजिला इमारत गिरी, कोई हताहत नहीं
Modified Date: June 3, 2026 / 10:37 pm IST
Published Date: June 3, 2026 10:37 pm IST

नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर इलाके में बुधवार शाम को एक चार मंजिला इमारत दरारें पड़ने के बाद ढह गई।

पुलिस ने बताया कि हालांकि, इमारत में रहने वाले लोगों को पहले ही निकाल लिया गया था जिस कारण किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।

पुलिस ने बताया कि दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा के पास प्रकाश विहार में इमारत गिरने की सूचना करावल नगर थाने को शाम करीब 6.38 बजे मिली।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश के नगर निकाय विभाग द्वारा पास के नाले के निर्माण या मरम्मत से संबंधित कार्य किया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि अपराह्न करीब तीन बजे चार मंजिला इमारत में दरारें दिखाई दीं, जिसके चलते अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर तुरंत इमारत को खाली करा लिया।

बाद में इमारत ढह गई, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ क्योंकि घटना से पहले सभी लोगों को निकाल लिया गया था।

दमकल विभाग, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके में निवारक और सुरक्षा उपाय किए।

पुलिस ने बताया कि अधिकारी इमारत गिरने के कारणों की जांच कर रहे हैं ।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में