जामताड़ा के नारायणपुर से चार युवकों का अपहरण, अपहरणकर्ताओं ने 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी

Ads

जामताड़ा के नारायणपुर से चार युवकों का अपहरण, अपहरणकर्ताओं ने 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी

  •  
  • Publish Date - October 7, 2020 / 07:16 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:02 PM IST

जामताड़ा, सात अक्टूबर (भाषा) झारखण्ड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के मिरगा गांव से चार युवकों का अपहरण कर उनके परिजनों से 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी गयी है।

जामताड़ा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अरविंद उपाध्याय ने बताया कि अपहरण की यह घटना मंगलवार रात्रि की बताई गयी है।

उन्होंने बताया कि नारायणपुर थाना क्षेत्र के मिरगा गांव के चार युवकों अशोक मंडल, प्रदीप मंडल, राहुल मंडल और वीरेंद्र मंडल रात में गांव के बाहर एक मैदान में तंबू लगाकर आईपीएल मैच देख रहे थे। मैच देखने के दौरान युवकों ने मैदान में ही भोजन किया और वहीं सो गये।

अशोक मंडल के मोबाइल से किसी ने फोन कर बताया कि चारों युवकों का अपहरण कर लिया गया है और 80 लाख रुपए की फिरौती पर ही उन्हें मुक्त किया जाएगा। परिजनों ने घटना की सूचना नारायणपुर पुलिस को दी।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान काफी देर तक नारायणपुर व गिरिडीह जिले की अहिल्यापुर पुलिस के बीच सीमा विवाद चलता रहा। बाद में अपहृत युवकों के परिजनों को नारायणपुर थाना लाया गया जहां प्राथमिकी दर्ज कर युवकों की तलाश प्रारंभ की गयी।

दूसरी ओर घटना की सूचना के बाद एसडीपीओ अरविंद उपाध्याय की अगुवाई में टीम का गठन किया गया। जिसने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिस मोबाइल से फोन आया था उसका लोकेशन गिरिडीह जिले में मिला है। लेकिन फोन करने वालों ने खुद को बिहार निवासी बताया है।

भाषा इन्दु कृष्ण अर्पणा

अर्पणा