एशियाई खेलों के लिए चुनी गईं सिंधुश्री को जी परमेश्वर ने दिए अंतरराष्ट्रीय मानक के पोल

Ads

एशियाई खेलों के लिए चुनी गईं सिंधुश्री को जी परमेश्वर ने दिए अंतरराष्ट्रीय मानक के पोल

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 07:47 PM IST

बेंगलुरु, 24 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय स्तर पर पोल वॉल्ट में शानदार प्रदर्शन के बूते जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय दल में चुनी गयी सिंधुश्री गणेश को कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय मानक के तीन पोल दिए।

राजस्व एवं खेल मंत्री का भी दायित्व संभाल रहे परमेश्वर ने सिंधुश्री को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

परमेश्वर ने पत्रकारों से कहा कि शिवमोगा जिले के भद्रावती की रहने वाली सिंधुश्री ने पोल वॉल्ट में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक युवा सशक्तीकरण एवं खेल विभाग तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने उनके लिए विदेश से अंतरराष्ट्रीय मानक के तीन नए पोल मंगवाए हैं। इनका इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में किया जाता है। राज्य सरकार उन्हें पांच लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दे रही है।’’

परमेश्वर ने बताया कि सिंधुश्री के पिता गणेश दिहाड़ी मजदूर थे। उन्होंने अपनी बेटी को खिलाड़ी बनाने का सपना देखा और उसके प्रशिक्षण के लिए हरसंभव प्रयास किए।

उन्होंने कहा, ‘‘ उनके पिता का निधन हो गया है। उनकी मां घरेलू सहायिका के रूप में काम करती रहीं और अपनी बेटी का लगातार हौसला बढ़ाती रहीं। मैं साधारण परिवार से आने वाली इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को शुभकामनाएं देता हूं। उम्मीद है कि वह एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगी और कर्नाटक का गौरव बढ़ाएंगी।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता