जयपुर, 21 जून (भाषा) राजस्थान के टोंक जिले में अपने मित्र और इलेक्ट्रिकल सामान के व्यापारी की हत्या करने के आरोप में 36 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बढ़ते कर्ज और आर्थिक तंगी के कारण आरोपी ने इस अपराध को अंजाम दिया।
आरोपी की पहचान राकेश तांबी के रूप में हुई है, जिसे व्यापारी पवन कुमार गर्ग की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
टोंक के पुलिस अधीक्षक रोशन ने बताया, “तांबी ने करीब 11 लोगों से ब्याज पर लगभग 56 लाख रुपये उधार ले रखे थे और वह भारी आर्थिक दबाव में था। घटना से करीब 15 दिन पहले उसने पवन से पांच लाख रुपये उधार मांगे थे, लेकिन व्यापारी ने कथित रूप से उसे पैसा देने से इनकार कर दिया था।”
उन्होंने कहा कि इनकार के बाद तांबी ने हत्या की साजिश रची। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 19 जून की रात आरोपी गर्ग की दुकान पर पहुंचा। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद तांबी ने पीछे से कुल्हाड़ी से हमला किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बाद में यह सुनिश्चित करने के लिए कि गर्ग की मौत हो जाए और बचने की कोई संभावना न रहे, पीड़ित के गले में रस्सी भी बांध दी। हत्या के बाद तांबी, मृतक की पहनी हुई सोने की चेन और सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
भाषा बाकोलिया शफीक
शफीक