गांधी परिवार भारतीय लोकतंत्र का संरक्षक नहीं, बल्कि उसके लिए खतरा है : भाजपा

गांधी परिवार भारतीय लोकतंत्र का संरक्षक नहीं, बल्कि उसके लिए खतरा है : भाजपा

गांधी परिवार भारतीय लोकतंत्र का संरक्षक नहीं, बल्कि उसके लिए खतरा है : भाजपा
Modified Date: September 26, 2026 / 02:55 pm IST
Published Date: September 26, 2026 2:55 pm IST

नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि गांधी परिवार भारतीय लोकतंत्र का संरक्षक नहीं, बल्कि उसके लिए खतरा है।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य ‘गांधी-वाद्रा परिवार’ को फिर से केंद्र में सत्ता में लाना है।

भंडारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस के लिए परिवारवाद पहले है; परिवारवाद ही सब कुछ है।’’

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि भारत पहले ही ‘गांधी-वाद्रा परिवार के शासन’ के परिणाम भुगत चुका है।

उन्होंने कहा, ‘‘आपातकाल लगाया गया, 1984 के सिख-विरोधी दंगे हुए, 26/11 मुंबई आतंकवादी हमलों के बाद पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक सैन्य जवाब देने में भारत विफल रहा। भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य बनने का अवसर गंवा बैठा। भारत को कुख्यात ‘फ्रैजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्था में धकेला गया। करीब 60 प्रतिशत भारतीय गरीबी से जूझ रहे थे।’’

भंडारी ने कहा, ‘‘गांधी-वाद्रा परिवार भारतीय लोकतंत्र का संरक्षक नहीं है। यह भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरा है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने खुले तौर पर स्वीकार किया है कि उसकी लड़ाई ‘पूरी तरह’ गांधी परिवार को सत्ता में वापस लाने को लेकर है।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘सच्चाई आखिरकार सबके सामने आ गई है।’’ उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी का एक कथित वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें वह लोगों से ‘‘संघ परिवार को हराने के लिए गांधी परिवार के साथ खड़े होने’’ की अपील करते दिखाई दे रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस का ‘वोट चोरी’, निर्वाचन आयोग, संविधान या लोकतंत्र से कोई लेना-देना नहीं है और उसका एकमात्र उद्देश्य गांधी-वाद्रा परिवार को सत्ता में वापस लाना है।

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में