नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कल्याण संबंधी संसदीय समिति का मंगलवार को पुनर्गठन किया गया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा सदस्य गणेश सिंह को एक और कार्यकाल के लिए इसका अध्यक्ष नामित किया गया।
लोकसभा बुलेटिन के अनुसार, लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला ने समिति का पुनर्गठन एक वर्ष की अवधि के लिए किया है।
समिति में लोकसभा के 20 और राज्यसभा के 10 सदस्य हैं। सिंह कई मौकों पर इस समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं।
अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण संबंधी संसदीय समिति लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त समिति है। यह ओबीसी के कल्याण, प्रतिनिधित्व तथा उनके लिए सरकार द्वारा उठाए गए उपायों के कार्यान्वयन से जुड़े मुद्दों पर गौर करती है।
भाषा हक माधव अविनाश
अविनाश