दक्षिण दिल्ली में जमीन हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

Ads

दक्षिण दिल्ली में जमीन हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - January 31, 2026 / 06:24 PM IST,
    Updated On - January 31, 2026 / 06:24 PM IST

नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दक्षिण दिल्ली में जमीन हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है और ग्रेटर कैलाश-एक में एक आवासीय संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आरोपी आशीष चौधरी, मुख्य सरगना विनीत कुमार सैगल और दिलीप कुमार पांडे ने कथित तौर पर बुजुर्गों की संपत्तियों को निशाना बनाया, स्वामित्व के फर्जी कागजात बनाकर और झूठा दावा पेश करने के लिए दीवानी मुकदमेबाजी शुरू की।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) आदित्य गौतम ने बताया कि मामला तब सामने आया, जब ग्रेटर कैलाश के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि एक राष्ट्रीय अखबार में प्रकाशित एक फर्जी सार्वजनिक नोटिस में कुछ अज्ञात लोगों ने उसकी पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक होने का दावा किया था।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से यह पता चला है कि दस्तावेजों के आधार पर यह संपत्ति कई दशकों से शिकायतकर्ता और उसके परिवार की है।

ग्रेटर कैलाश थाने में मामला दर्ज किया गया और बाद में विस्तृत जांच के लिए इसे अपराध शाखा को सौंप दिया गया।

डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने कथित जाली और मनगढ़ंत दस्तावेज तैयार किए थे, ताकि स्वामित्व का दावा किया जा सके।

अधिकारी ने कहा कि इस मामले में शिकायतकर्ता की संपत्ति पर दावा करने और उसे एक अनजान खरीदार को बेचने के लिए कथित तौर पर जाली वसीयत और बिक्री विलेख सहित दो अलग-अलग प्रकार के फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए थे।

अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता को कथित धोखाधड़ी के बारे में तब पता चला, जब एक रिश्तेदार ने उसे एक वर्गीकृत विज्ञापन के बारे में सूचित किया, जिसमें संपत्ति पर स्वामित्व का दावा किया गया था।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने 22 जनवरी को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि चौधरी एक वकील है, जबकि पांडे का आपराधिक इतिहास रहा है।

पुलिस ने बताया कि जांच जारी है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप