दिल्ली में लुटेरों के गिरोह का भंडाफोड़, चार लोग गिरफ्तार
दिल्ली में लुटेरों के गिरोह का भंडाफोड़, चार लोग गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने करोल बाग से लुटेरों के एक गिरोह का भंडाफोड़ करने के बाद कथित सरगना सहित इसके चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सर गंगा राम अस्पताल के पास एक व्यक्ति द्वारा मारपीट और लूटपाट की शिकायत किए जाने के बाद 16 फरवरी को करोल बाग में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, द्वारका से करोल बाग खरीदारी करने आए पीड़ित से दो लोगों ने संपर्क किया और उससे बातचीत करने की कोशिश की।
अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने उसका विश्वास जीतने के लिए उसे (पीड़ित को) नोटों जैसे दिखने वाले नकदी के बंडल दिखाए और पीड़ित से कहा कि अगर वह नकदी को बैंक खाते में जमा करने में मदद करे तो वे राशि साझा करेंगें।’’
संदेह होने पर अस्पताल की ओर जाने का प्रयास करने लगे पीड़ित का आरोपी कथित तौर पर पीछा करने लगे तथा जंगल क्षेत्र में उसपर हमला कर दिया।
पीड़ित के सिर पर ईंट से हमला किया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी ने उसका आईफोन छीन लिया और फरार हो गए। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान इबरार (23), सुलेमान (22), आशिक खान (27) और असलम (34) के रूप में हुई है, ये सभी बवाना के निवासी हैं।’’
पुलिस ने बताया कि असलम गिरोह का सरगना है।
जांच के दौरान, पुलिस ने करोल बाग, सोनिया विहार और बावाना में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। चोरी हुए फोन के ‘कॉल डिटेल रिकॉर्ड’ के विश्लेषण से संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिली।
पुलिस ने बताया कि पीतमपुरा के पास एक वैन में आरोपियों के मौजूद होने का पता लगाया गया और थोड़ी देर पीछा करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नकली नोटों के बंडल तैयार करते थे, जिनके ऊपर से 500 रुपये का असली नोट रखा होता था और पीड़ितों को नकदी देने का लालच देकर उनसे ऑनलाइन भुगतान करवाते थे। जब पीड़ितों ने विरोध किया, तो उन्होंने मारपीट और झपटमारी का सहारा लिया।
भाषा यासिर रंजन
रंजन

Facebook


