बिहार के भोजपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, पांच आरोपी गिरफ्तार
बिहार के भोजपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, पांच आरोपी गिरफ्तार
आरा (बिहार), आठ मार्च (भाषा) बिहार के भोजपुर जिला में कुछ लोगों द्वारा एक युवती से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि 19 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
भोजपुर के पुलिस अधीक्षक श्री राज ने ‘पीटीआई-भाषा’ से रविवार को कहा, “पीड़िता के भाई द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार यह घटना पांच मार्च की है, जब युवती को एक आरोपी के घर बुलाया गया था। आरोपी ने अपने कुछ दोस्तों को भी वहां बुला लिया और उन्होंने उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पीड़िता के भाई ने करनामेपुर थाना में नामजद शिकायत दर्ज कराई है।”
उन्होंने बताया कि पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़िता का सरकारी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
भाषा खारी संतोष
संतोष

Facebook


