गैंगस्टर रोहित गोदारा का पुश्तैनी मकान रातों-रात ढहाया गया, पुलिस ने जांच शुरू की
गैंगस्टर रोहित गोदारा का पुश्तैनी मकान रातों-रात ढहाया गया, पुलिस ने जांच शुरू की
जयपुर, 15 जुलाई (भाषा) बीकानेर में कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के पुश्तैनी मकान का बड़ा हिस्सा कथित तौर पर अज्ञात लोगों ने रातों-रात ढहा दिया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार लूनकरनसर कस्बे के पास स्थित मकान में तोड़-फोड़ की घटना के वक्त कोई मौजूद नहीं था। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
लूनकरनसर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) रणवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को मंगलवार सुबह इस घटना की जानकारी मिली जिसके बाद स्थानीय थाना प्रभारी ने मौका मुआयना किया। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि इमारत के बड़े हिस्से को ढहाने के लिए ‘अर्थमूवर मशीन’ (भारी मशीन) का इस्तेमाल किया गया था।
सिंह ने बताया कि आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें इस तोड़-फोड़ के बारे में कोई जानकारी नहीं है क्योंकि इलाके में घर एक-दूसरे से काफी दूर-दूर बने हुए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि निवासियों का मानना है कि घरों में चल रहे एयर कूलर के शोर के कारण मशीन की आवाज शायद किसी को सुनाई नहीं दी होगी।
पुलिस ने कहा कि घटना का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध सबूतों की जांच की जा रही है।
इस मकान में पहले गोदारा के पिता संत दास, मां गीता, भाई हनुमान स्वामी और हनुमान की पत्नी व बच्चे रहते थे। हालांकि तोड़-फोड़ के समय उनमें से कोई भी वहां मौजूद नहीं था। अधिकारियों ने बताया कि गोदारा के माता-पिता और भाई फिलहाल जबरन वसूली के अलग-अलग मामलों में न्यायिक हिरासत में हैं।
हनुमान स्वामी को गंगानगर में दर्ज जबरन वसूली के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था जबकि उनके माता-पिता पर चुरू के रतनगढ़ में दर्ज एक अलग मामले में आरोप हैं। पुलिस ने बताया कि गोदारा खुद गिरफ्तारी से बच रहा है और माना जा रहा है कि वह अभी अजरबैजान में है।
अधिकारियों के अनुसार हनुमान की पत्नी 10-12 दिन पहले अपने बच्चों के साथ इस घर से चली गई थी और पड़ोसियों से खेतों की देखभाल करने का अनुरोध किया था। सिंह ने कहा कि तोड़-फोड़ के संबंध में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पिछले हफ्ते ‘‘ऑपरेशन हार्डबॉल’’ के सिलसिले में गोदारा का नाम सामने आया था। यह अभियान अमेरिका, कनाडा और यूरोप की प्रवर्तन एजेंसियों ने ‘भारतीय संगठित अपराध नेटवर्क’ के खिलाफ मिलकर चलाया था।
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, इस अभियान में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या समेत कई अपराधों से जुड़े 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया। खबरों के मुताबिक गोदारा की पहचान गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के अपराध नेटवर्क के यूरोप मुखिया के तौर पर की गई है।
भाषा पृथ्वी सिम्मी सुरभि
सुरभि

Facebook


