पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन ‘गुड्डा-गुड्डी का खेल’ नहीं : बघेल

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन 'गुड्डा-गुड्डी का खेल' नहीं : बघेल

पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन ‘गुड्डा-गुड्डी का खेल’ नहीं : बघेल
Modified Date: July 15, 2026 / 12:27 pm IST
Published Date: July 15, 2026 12:27 pm IST

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) कांग्रेस महासचिव और पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल ने बुधवार को कहा कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन कोई ‘गुड्डा-गुड्डी का खेल’ नहीं है।

उन्होंने पंजाब में पार्टी से जुड़े हालिया घटनाक्रमों पर अपनी रिपोर्ट पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल को सौंपी और यह संकेत दिया कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने के आलाकमान के फैसले में कोई बदलाव नहीं होगा।

वेणुगोपाल से मुलाकात के बाद बघेल ने संवाददाताओं से कहा कि छह दिवसीय दौरे के दौरान प्रदेश के सभी नेताओं से मुलाकात और विभिन्न बैठकों के बाद तैयार की गई रिपोर्ट उन्होंने कांग्रेस के संगठन महासचिव वेणुगोपाल को सौंप दी है।

हालांकि, उन्होंने रिपोर्ट की विषयवस्तु सार्वजनिक करने से इनकार करते हुए कहा, ‘‘मैं आपको (पत्रकारों ) रिपोर्ट के बारे में क्यों बताऊं ?’

यह पूछे जाने पर कि क्या प्रदेश कांग्रेस के नेतृत्व में परिवर्तन की कोई गुंजाइश है, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं पहले ही बोल चुका हूं… यह गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं है।’

बघेल ने कहा कि उन्होंने छह दिन तक पंजाब का दौरा किया और सभी प्रमुख नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि इस दौरान पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) में बैठकें हुईं और नेताओं के साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि पंजाब कांग्रेस में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सांगठनिक फेरबदल को लेकर इन दिनों अंदरूनी कलह तेज हो गई है। इस विवाद को सुलझाने के लिए पंजाब कांग्रेस के प्रभारी बघेल ने पिछले दिनों चंडीगढ़ का दौरा किया और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।

विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब आलाकमान ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए रखने का फैसला किया और पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी को चुनाव अभियान समिति का प्रमुख नियुक्त किया। इस फैसले से नाराज चन्नी गुट और कई वरिष्ठ नेताओं ने नेतृत्व परिवर्तन की मांग खुलकर की ।

भाषा हक सिम्मी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में