अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 5.36 करोड़ रुपये का गांजा बरामद, एक नाबालिग पकड़ा गया

अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 5.36 करोड़ रुपये का गांजा बरामद, एक नाबालिग पकड़ा गया

अहमदाबाद हवाई अड्डे पर 5.36 करोड़ रुपये का गांजा बरामद, एक नाबालिग पकड़ा गया
Modified Date: July 9, 2026 / 08:04 pm IST
Published Date: July 9, 2026 8:04 pm IST

अहमदाबाद (गुजरात), नौ जुलाई (भाषा) थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से अहमदाबाद हवाई अड्डे पहुंचे 19 वर्षीय एक यात्री को कथित तौर पर 5.368 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक गांजे’ के साथ पकड़ा गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 5.36 करोड़ रुपये से अधिक है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान के चूरू जिले के प्रेम प्रजापति ने मादक पदार्थ को पांच काले ‘पॉलीथीन पैकेटों’ में लपेटकर अपने ‘ट्रॉली बैग’ में छिपा रखा था।

एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘अहमदाबाद सीमा शुल्क विभाग की विमान खुफिया इकाई (एआईयू) के अधिकारियों ने आठ जुलाई को थाई एयरवेज की उड़ान संख्या टीजी-343 से बैंकॉक से यहां पहुंचे एक यात्री को रोका।’’

अधिकारियों ने बताया कि यात्री के ‘ट्रॉली बैग’ की गहन तलाशी के दौरान काले पॉलीथीन में लिपटे पांच पैकेट बरामद हुए, जिनमें हाइड्रोपोनिक गांजा था।

विज्ञप्ति के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया है।

भाषा

राखी राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में