गौरव गोगोई ने लड़ाकू विमान दुर्घटना में भारतीय वायु सेना के दो पायलट की मौत होने पर शोक जताया

Ads

गौरव गोगोई ने लड़ाकू विमान दुर्घटना में भारतीय वायु सेना के दो पायलट की मौत होने पर शोक जताया

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 12:12 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 12:12 PM IST

( तस्वीर सहित )

गुवाहाटी, छह मार्च (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने राज्य के कार्बी आंगलोंग जिले में भारतीय वायु सेना के सुखोई-30 एमकेआई विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसके दो पायलट की मौत होने पर शुक्रवार को शोक जताया।

गोगोई ने कहा कि इन पायलट के बलिदान को गर्व और कृतज्ञता के साथ याद रखा जाएगा।

असम के कार्बी आंगलोंग जिले में सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से भारतीय वायुसेना के दो पायलट की मौत हो गई। भारतीय वायु सेना ने रूसी मूल के विमान के लापता होने के एक दिन बाद, स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर की मौत की शुक्रवार को पुष्टि की।

सुखोई-30 लड़ाकू विमान बृहस्पतिवार शाम असम के कार्बी आंगलोंग जिले के ऊपर उड़ान भरते समय रडार से ओझल हो गया था।

भारतीय वायु सेना ने एक संक्षिप्त बयान में बताया कि प्रशिक्षण मिशन पर निकला सुखोई-30एमकेआई विमान जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में बृहस्पतिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

गोगोई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर कार्बी आंगलोंग में प्रशिक्षण मिशन के दौरान सुखोई-30एमकेआई का दुर्घटनाग्रस्त होना अत्यंत दुख की बात है। हम स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं जिन्होंने राष्ट्र की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।’’

कांग्रेस सांसद ने दिवंगत पायलटों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘उनकी बहादुरी और समर्पण को हमेशा गर्व और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा।’’

गुवाहाटी में एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि विमान का मलबा बृहस्पतिवार देर रात बरामद किया गया।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा