राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गौरव गोगोई के ‘पाकिस्तान संबंधों’ की जांच की जा रही है: हिमंत
राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गौरव गोगोई के ‘पाकिस्तान संबंधों’ की जांच की जा रही है: हिमंत
गुवाहाटी, सात फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तानी संबंधों की जांच ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के हित’ के मद्देनजर की जा रही है और राजनीति पर इसका संभावित प्रभाव ‘मामूली’ है।
शर्मा ने दावा किया कि इस पूरे मामले में दो व्यक्तियों – एक पाकिस्तानी नागरिक और एक ब्रिटिश नागरिक – की ‘महत्वपूर्ण भूमिका’ है, हालांकि उन्होंने दोनों में से किसी का भी नाम नहीं लिया।
यहां एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘राज्य मंत्रिमंडल आज एसआईटी रिपोर्ट पर चर्चा करेगा और आगे की कार्रवाई तय करेगा। एक पाकिस्तानी नागरिक और एक ब्रिटिश नागरिक के संबंध हैं और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ब्रिटिश नागरिक एक सांसद की पत्नी हैं।’’
उन्होंने जोर देकर कहा कि यह जांच ‘राजनीति से संबंधित नहीं है’ और कहा, ‘‘यह जांच राष्ट्रीय सुरक्षा के हित के लिए है। राजनीति पर इसका प्रभाव मामूली है।’’
भाजपा और असम के मुख्यमंत्री शर्मा राज्य कांग्रेस के प्रमुख गोगोई पर उनकी पत्नी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से कथित संबंधों को लेकर हमला करते रहे हैं।
राज्य सरकार ने पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के कथित हस्तक्षेप की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था, जिसके बारे में दावा किया गया था कि उसके गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न से संबंध थे और उसने भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप किया था।
गृह मंत्रालय का प्रभार भी संभाल रहे शर्मा को एसआईटी ने 10 सितंबर को अपनी रिपोर्ट सौंपी। कई बार विलंब के बाद शर्मा ने अब कहा है कि कैबिनेट में चर्चा के बाद एसआईटी रिपोर्ट के निष्कर्ष आठ फरवरी को सार्वजनिक किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र को रिपोर्ट मिलने पर जांच में काफी प्रगति होगी।
पलटवार करते हुए गोगोई ने शर्मा के आरोप की कड़ी आलोचना की और कहा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी ‘हास्यास्पद, निराधार और बकवास’ थी और वह तथ्यों की बात किए बिना ‘आईटी सेल ट्रोल’ की तरह व्यवहार कर रहे थे।
भाषा संतोष रंजन
रंजन

Facebook


