सूरत के रेस्तरां से मंगाया खाना खाने के बाद बच्ची की मौत, परिवार के चार सदस्य अस्पताल में भर्ती
सूरत के रेस्तरां से मंगाया खाना खाने के बाद बच्ची की मौत, परिवार के चार सदस्य अस्पताल में भर्ती
सूरत, 18 अगस्त (भाषा) गुजरात के सूरत शहर में एक रेस्तरां से मंगाया गया खाना खाने के बाद संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के मामले में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के चार सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद सूरत नगर निगम (एसएमसी) ने शीतल रेस्तरां को सील कर दिया, जहां से खाना मंगाया गया था। नगर निगम के अधिकारियों को वहां साफ-सफाई और स्वच्छता के मानकों में खामियां मिलीं, जिसके बाद रेस्तरां को नोटिस भी जारी किया गया।
चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी पी. एच. उमरीगर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘परिवार ने 15 अगस्त की शाम रेस्तरां से सब्जी मंगाई थी। अगले दिन सुबह परिवार के सभी पांच सदस्यों में उल्टी समेत संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के लक्षण दिखाई दिए।’’
उमरीगर ने बताया कि परिवार ने 16 अगस्त को एक चिकित्सक से परामर्श लिया, जिन्होंने उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी। हालांकि, परिवार ने शुरुआत में अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया।
परिवार की पांच वर्षीय बच्ची 17 अगस्त को बेहोश हो गई। उसे स्थानीय सदविचार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
उमरीगर ने बताया कि बच्ची के पिता को मंगलवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि उसकी मां और दो अन्य बच्चे अभी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है।
उमरीगर ने कहा, ‘‘हमने शहर के वराछा इलाके में स्थित शीतल रेस्तरां से तैयार खाद्य पदार्थों और अन्य सामग्री के नमूने लिए हैं। रसोई में साफ-सफाई में खामियां पाए जाने के बाद रेस्तरां को बंद कर दिया गया और सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया।’’
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक चिकित्सा और प्रशासनिक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री के निर्देश पर सूरत नगर निगम ने शहर के सभी जोन में रेस्तरां की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया है, ताकि साफ-सफाई, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


