दिल्ली के स्कूल में बच्ची से बलात्कार का मामला: विद्यालय की शिक्षिका गिरफ्तार
दिल्ली के स्कूल में बच्ची से बलात्कार का मामला: विद्यालय की शिक्षिका गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक निजी स्कूल के 57 वर्षीय केयरटेकर द्वारा तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित रूप से बलात्कार करने के मामले में विद्यालय की शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शिक्षिका को आज में अदालत में पेश किया जाएगा।
पीड़िता की मां ने पहले आरोप लगाया था कि इस मामले में एक शिक्षिका भी शामिल थी।
यह घटना एक मई को तब सामने आई जब एक महिला ने जनकपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी बेटी के साथ 30 अप्रैल को स्कूल में दाखिले के दूसरे दिन बलात्कार किया गया।
शिकायत के अनुसार, घर लौटने के बाद बच्ची ने दर्द की शिकायत की। जब उसकी मां ने उससे पूछताछ की, तो उसने कथित तौर पर बताया कि उसे स्कूल के अंदर एक सुनसान जगह पर ले जाया गया था, जहां केयरटेकर ने उसका यौन उत्पीड़न किया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत मामला दर्ज किया।
बच्ची ने आरोपी की पहचान कर ली जिसके बाद स्कूल के केयरटेकर को एक मई को गिरफ्तार कर लिया गया और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अभियोजन पक्ष के विरोध के बावजूद शहर की एक अदालत ने सात मई को उसे जमानत दे दी। पुलिस ने इस फैसले के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील की है।
पीड़िता की मां ने दावा किया था कि परिवार को थाने में कई घंटों तक इंतजार कराया गया था।
पुलिस ने इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि जांच निष्पक्ष और पेशेवर तरीके से की गई थी। पुलिस ने बताया कि उसने सीसीटीवी फुटेज, डीवीआर और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


