नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) गोवा से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सदस्य सदानंद म्हालू शेट तनावडे ने बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-66 (एनएच-66) के चौड़ीकरण और उन्नयन कार्य में हो रही देरी पर चिंता जताई और सरकार से मानसून से पहले शेष कार्य तेज करने का आग्रह किया।
शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए तनावडे ने कहा कि मुंबई और गोवा को जोड़ने वाले इस प्रमुख कॉरिडोर की परियोजना को कोंकण तट पर संपर्क और सड़क सुरक्षा सुधारने के लिए एक दशक से अधिक पहले स्वीकृति दी गई थी, लेकिन यह भूमि अधिग्रहण विवाद, पर्यावरणीय मंजूरी, डिजाइन में बदलाव और ठेकेदारों से जुड़ी चुनौतियों के कारण अटकी हुई है।
उन्होंने कहा कि कई हिस्सों में अब भी पुल अधूरे हैं, बाईपास पूरे नहीं हुए हैं और सड़क की सतह असमान है। ‘‘मानसून के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे यातायात जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।’’
तनावडे ने कहा कि राजमार्ग का शीघ्र पूरा होना न केवल यात्रियों और पर्यटकों के लिए लाभकारी होगा, बल्कि कोंकण क्षेत्र और गोवा में उद्योग, कृषि, मत्स्य पालन और छोटे व्यवसायों को सहारा देने वाली माल ढुलाई में भी मदद करेगा।
उन्होंने सरकार से हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने और परियोजना को पूरा करने के लिए स्पष्ट, समयबद्ध कार्ययोजना तय करने की मांग की।
भाषा
मनीषा माधव
माधव