गोवा को एफटीआई-टीटीपी के लिए केंद्र की मंजूरी मिली
गोवा को एफटीआई-टीटीपी के लिए केंद्र की मंजूरी मिली
पणजी, पांच अगस्त (भाषा) गोवा के पर्यटन मंत्री रोहन खाउंटे ने बुधवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में ‘त्वरित आव्रजन-विश्वसनीय यात्री कार्यक्रम’ (एफटीआई-टीटीपी) लागू करने को मंजूरी दे दी है।
इस पहल के तहत हवाई अड्डों पर स्वचालित ई-गेट के जरिए निर्बाध आव्रजन सुविधा उपलब्ध होगी।
खाउंटे ने बताया कि मंगलवार को नयी दिल्ली में अमित शाह और केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ हुई बैठक के बाद यह मंजूरी मिली। बैठक में पर्यटन संपर्क, बुनियादी ढांचे और नीतिगत सुधारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि देश के कई हवाई अड्डों पर पहले से लागू एफटीआई-टीटीपी के तहत पंजीकृत यात्री बायोमेट्रिक आधारित ई-गेट के जरिए 30 सेकंड से भी कम समय में आव्रजन संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे। इससे प्रतीक्षा समय कम होगा और मैनुअल प्रक्रिया की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मंत्री ने कहा कि इस सुविधा से भारतीय यात्रियों, विशेषकर विदेश में रहने वाले गोवा के लोगों, नाविकों, छात्रों और पेशेवरों का यात्रा अनुभव बेहतर होगा तथा गोवा यात्रियों के लिए पसंदीदा प्रवेश और निकास केंद्र के रूप में उभरेगा।
उन्होंने कहा कि अगले चरण में विदेशी नागरिकों के लिए भी यह सुविधा शुरू होने पर गोवा को और लाभ मिलेगा।
खाउंटे ने कहा, ‘‘गोवा में एफटीआई-टीटीपी लागू होना यात्रा को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे तेज आव्रजन, यात्रियों की सुविधा और हवाई अड्डों पर निर्बाध अनुभव मिलेगा, जिससे गोवा की अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत होगी और पर्यटन अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ पहुंचेगा।’’
उन्होंने प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए इसे गोवा के पर्यटन क्षेत्र के लिए बड़ा प्रोत्साहन बताया।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


