गुरुग्राम में 48 घंटे बिजली कटौती से परेशान निवासी सड़कों पर उतरे
गुरुग्राम में 48 घंटे बिजली कटौती से परेशान निवासी सड़कों पर उतरे
गुरुग्राम, पांच अगस्त (भाषा) सोहना रोड स्थित कई शॉपिंग मॉल और आवासीय परिसरों में 48 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने के बाद बुधवार को आपूर्ति बहाल कर दी गई।
सेक्टर-67 स्थित पिरामिड अर्बन होम्स सोसाइटी के निवासी लंबे समय तक बिजली कटौती से परेशान होकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गए।
एआईआरआईए मॉल, एलान मॉल, ओकस और पिरामिड सोसाइटी समेत आठ से अधिक प्रतिष्ठानों को करीब दो दिन तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
सूत्रों ने बताया कि इन आठ परिसरों के नीचे बिछे बिजली आपूर्ति नेटवर्क में शॉर्ट सर्किट के कारण यह समस्या पैदा हुई।
आक्रोशित स्थानीय लोग सोहना रोड पर उतर आए, जिसके बाद पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर जाम हटवाया।
निवासियों ने दावा किया कि बिजली कटौती के कारण उनकी आवासीय सोसाइटियों में पानी का संकट पैदा हो गया और जनजीवन प्रभावित हुआ।
शाम करीब पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के बादशाहपुर के एसडीओ सुनील सैनी ने बताया कि स्विचिंग केबल में खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


