गोवा पुलिस कसीनो निदेशक पर गोली चलाने वाले संदिग्धों की तलाश में जुटी
गोवा पुलिस कसीनो निदेशक पर गोली चलाने वाले संदिग्धों की तलाश में जुटी
पणजी, 29 अगस्त (भाषा) गोवा पुलिस ने पोरवोरिम में एक होटल के बाहर कैसीनो समूह के निदेशक पर गोलीबारी करने के मामले में दो अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि निदेशक इस हमले में बाल-बाल बच गए, जबकि उनके सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी गोलीबारी की।
उसने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात एक पांच सितारा होटल के बाहर हुई, जो स्थानीय पुलिस थाने के पास स्थित है।
इस घटना के बाद विपक्षी कांग्रेस ने भाजपा शासित राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शनिवार को कहा कि घटना में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
उत्तर गोवा के पुलिस अधीक्षक हरिश्चंद्र मडकैकर ने बताया कि दो लोगों ने शुक्रवार रात करीब 8:45 बजे पोरवोरिम स्थित ‘मैजेस्टिक प्राइड होटल्स एंड रिसॉर्ट्स’ के निदेशक श्रीनिवास नायक पर तीन गोलियां चलाईं।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नायक अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ कार में बैठे थे और इस हमले में सुरक्षित बच गए।
घटनास्थल की सार्वजनिक की गई सीसीटीवी फुटेज में दो लोगों को होटल के प्रवेश द्वार के पास इंतजार करते और नायक की कार पर तीन गोलियां चलाते देखा गया। उनके सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी गोलीबारी की, जिससे हमलावरों को भागने पर मजबूर होना पड़ा।
मडकैकर ने बताया कि दोनों हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।
इस बीच, कांग्रेस ने दावा किया कि यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह बिगड़ने को दर्शाती है।
गोवा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडनकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पोरवोरिम पुलिस थाने से कुछ ही मीटर की दूरी पर कथित तौर पर गोलीबारी की घटना हुई। अगर अपराधी पुलिस थाने के आसपास ही गोली चला सकते हैं, तो आम गोवावासी कितने सुरक्षित हैं?’’
मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में इस तरह की यह पहली घटना है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पुलिस गहन जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।’’
भाषा शफीक माधव
माधव

Facebook


