लेह/जम्मू, 24 सितंबर (भाषा) ‘फायर एंड फ्यूरी’ कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल मदनराज पांडे ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण लद्दाख की जांस्कर घाटी का दौरा कर अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल पांडे ने बुधवार को पदुम में सैन्य प्रतिष्ठानों का भी दौरा किया और निमू-पदुम-दारचा (एन-पी-डी) अक्ष समेत जारी और आगामी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में अभियानगत तैयारियों को बढ़ाना है।
एन-पी-डी अक्ष 298 किलोमीटर लंबी एक रणनीतिक सड़क है, जो जांस्कर घाटी के पदुम के रास्ते लद्दाख के निमू को हिमाचल प्रदेश के दारचा से जोड़ती है।
अधिकारियों ने बताया कि जीओसी ने सैनिकों से भी बातचीत की और उनके पेशेवर रवैये, अभियान के प्रति प्रतिबद्धता तथा कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण की सराहना की।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र