राजस्थान में शासन व्यवस्था ध्वस्त, अस्पतालों में गंभीर संकट : गहलोत

Ads

राजस्थान में शासन व्यवस्था ध्वस्त, अस्पतालों में गंभीर संकट : गहलोत

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 11:24 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 11:24 PM IST

जोधपुर, चार अगस्त (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में शासन व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और भ्रष्टाचार चरम पर है।

उन्होंने कहा कि राज्य के अस्पताल गंभीर संकट से जूझ रहे हैं तथा मरीजों को समय पर ऑक्सीजन, एक्स-रे और अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं।

जोधपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गहलोत ने कहा कि अस्पतालों में मरीज इलाज के इंतजार में परेशान हैं, ऑक्सीजन, एक्स-रे सहित बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पेंशन और मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता में भी अनावश्यक देरी हो रही है।

गहलोत ने सरकार से अस्पतालों में विशेष निगरानी दल गठित करने और भ्रष्टाचार के मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक विफलताओं का खामियाजा आम मरीजों को नहीं भुगतना चाहिए, लेकिन सरकार इन मुद्दों के प्रति पूरी तरह उदासीन बनी हुई है।

कानून-व्यवस्था पर भी सरकार को घेरते हुए गहलोत ने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने फलोदी जिले के लोहावट क्षेत्र की हालिया घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि एक परिवार पर हमला हुआ, जिसमें दो बच्चे घायल हुए, लेकिन आरोपी अब भी फरार हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं साबित करती हैं कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और सरकार अपराध रोकने में विफल रही है।

भाषा बाकोलिया

जोहेब

जोहेब