सरकार ने रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने के लिए 2.38 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी

Ads

सरकार ने रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने के लिए 2.38 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 06:31 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को एस-400 मिसाइलों और परिवहन विमान सहित 2.38 लाख करोड़ रुपये के हथियारों और सैन्य उपकरणों की खरीद को मंजूरी दे दी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली रक्षा खरीद परिषद (डीएसी) ने इन प्रस्तावों को मंजूरी दी।

मंत्रालय ने कहा कि भारतीय वायुसेना के लिए मध्यम परिवहन विमान, सतह से हवा में मार करने वाली लंबी दूरी की एस-400 मिसाइल प्रणाली, ड्रोन की खरीद और एसयू-30 एयरो इंजन की मरम्मत के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।

इसने कहा कि एएन32 और आईएल76 परिवहन विमानों के बेड़े को बदलकर मध्यम परिवहन विमानों को शामिल करने से सेवाओं की रणनीतिक, सामरिक और परिचालन हवाई परिवहन आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकेगा।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘एस-400 प्रणाली महत्वपूर्ण क्षेत्रों को निशाना बनाने वाले दुश्मन के लंबी दूरी के हवाई हमलों का मुकाबला करेगी, जबकि ड्रोन जवाबी कार्रवाई और समन्वित हवाई अभियानों को अंजाम देने में मददगार होंगे। साथ ही ये खुफिया जानकारी और निगरानी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल हो सकेंगे।’’

इसने कहा, ‘‘एसयू-30 एयरो इंजन की मरम्मत से विमान का सेवा काल बढ़ेगा और वायुसेना की अभियानगत आवश्यकताओं को पूरा किया जा सकेगा।’’

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल