सरकार ने ‘बार्क’ को टीवी समाचार चैनलों की टीआरपी पर रिपोर्टिंग तुरंत बंद करने का निर्देश दिया

Ads

सरकार ने ‘बार्क’ को टीवी समाचार चैनलों की टीआरपी पर रिपोर्टिंग तुरंत बंद करने का निर्देश दिया

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 08:20 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 08:20 PM IST

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) सरकार ने शुक्रवार को टेलीविजन रेटिंग एजेंसी ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (‘बार्क’) को निर्देश दिया कि वह चार सप्ताह की अवधि के लिए या अगले आदेश तक टीवी समाचार चैनलों के टेलीविजन रेटिंग पॉइंट्स (टीआरपी) की रिपोर्टिंग को तत्काल रोक दे।

यह निर्देश इसलिए जारी किया गया है क्योंकि कुछ टीवी समाचार चैनल इजराइल-ईरान संघर्ष के बारे में ‘‘अनावश्यक सनसनीखेज और अटकलबाजी वाली सामग्री’’ दिखा रहे हैं जिससे आम लोगों विशेष रूप से प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले या संघर्ष क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच ‘‘घबराहट पैदा हो सकती है’’।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा 16 जनवरी, 2014 को टेलीविजन रेटिंग के लिए जारी ‘भारत में टेलीविजन रेटिंग एजेंसियों के लिए नीति दिशानिर्देश’ के अनुसार ‘बार्क’ एक पंजीकृत टेलीविजन रेटिंग एजेंसी है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने अपने निर्देश में कहा कि उसने पाया है कि इजराइल-ईरान संघर्ष के बीच कुछ समाचार टीवी चैनल ‘‘अनावश्यक सनसनीखेज और अटकलबाजी वाली सामग्री’’ दिखा रहे हैं जिससे आम लोगों विशेष रूप से प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले या जिनके मित्र व परिवार प्रभावित क्षेत्रों में हैं, उनके बीच ‘‘घबराहट पैदा हो सकती है’’।

नीतिगत दिशा-निर्देशों के खंड 24.2 में यह निर्धारित किया गया है कि ‘‘कंपनी को समय-समय पर मंत्रालय द्वारा जारी किए गए किसी भी आदेश, विनियम, दिशा-निर्देश, निर्देश आदि का पालन करना आवश्यक होगा।’’

निर्देश में कहा गया है, ‘‘इसलिए, जनहित में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय मेसर्स ‘बार्क’ को निर्देश देता है कि वह समाचार टीवी चैनलों के टेलीविजन रेटिंग पॉइंट्स (टीआरपी) की रिपोर्टिंग को चार सप्ताह की अवधि के लिए या अगले निर्देश तक, जो भी पहले हो, तत्काल रोक दे।’’

भाषा सुरभि माधव

माधव