हमारे प्रदर्शन को रोकने के लिए सरकार ने पार्टी मुख्यालय को छावनी में बदला, हम नहीं झुकेंगे: कांग्रेस

Ads

हमारे प्रदर्शन को रोकने के लिए सरकार ने पार्टी मुख्यालय को छावनी में बदला, हम नहीं झुकेंगे: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - August 3, 2022 / 07:56 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:36 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ पांच अगस्त को प्रस्तावित उसके प्रदर्शन को विफल करने के मकसद से नरेंद्र मोदी सरकार ने उसके मुख्यालय को ‘छावनी में तब्दील’ करवा दिया है जो प्रतिशोध और धमकी की राजनीति है।

मुख्य विपक्षी दल ने यह दावा भी किया कि एक ‘भयभीत सरकार’ के इशारे पर पुलिस ने उसके मुख्यालय के साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के आवासों को भी ‘घेर रखा है’।

दूसरी तरफ, पुलिस का कहना है कि ऐसी सूचना मिली थी कि कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शनकारी जमा हो सकते हैं, इसलिए एहतियातन यह कदम उठाया गया ताकि कोई अवांछित परिस्थिति न पैदा हो।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह प्रतिशोध की राजनीति है। यह धमकी की राजनीति है। एक कहावत है कि विनाशकाले विपरीत बुद्धि। यह विनाशकाल है। महंगाई है, बेरोजगारी है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘यह बिल्कुल साफ है कि प्रधानमंत्री प्रतिशोध की राजनीति, धमकी की राजनीति में विश्वास करते हैं।’’

रमेश ने कहा, ‘‘पांच अगस्त को हमारा प्रदर्शन जरूर होगा। मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ हम प्रदर्शन करेंगे। ‘हम दो, हमारे दो’ वाली सरकार के खिलाफ हम आवाज उठाएंगे।’’

कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने कहा, ‘‘पांच अगस्त को महंगाई, बेरोजगारी और खाद्य पदार्थों पर जीएसटी लगाए जाने के खिलाफ प्रदर्शन का फैसला हुआ। आज डीसीपी की तरफ से पत्र आया कि आप लोग कोई प्रदर्शन नहीं कर सकते। आज शाम को कांग्रेस मुख्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार चाहे जितना दबाव बना ले, हम महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर पीछे नहीं हटेंगे।’’

कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, ‘‘भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र हैं और वहां ‘सीज करने की मानसिकता’ होना दुखद है। इस पूरी कवायद का मकसद एक तरफ अपमानित करना और धमकाना और दूसरी तरफ महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान भटकाना और बरगलाना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज सरकार ने डर का माहौल पैदा किया है। पूरा देश देख रहा है कि ईडी का इस्तेमाल देश की सबसे पुरानी पार्टी के नेतृत्व के खिलाफ किस तरफ कर रहे हैं…यह एक भयभीत सरकार है।’’

रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली पुलिस द्वारा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय से जुड़े मार्ग को बंद करना अब अपवाद की बजाय आम बात हो गई है। उन्होंने अब फिर से यही किया है जो रहस्यमयी है…।’’

उन्होंने ‘24 अकबर रोड’ स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर का एक वीडियो भी साझा किया जिसमें कई पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस के इस दावे पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें अपनी विशेष शाखा से जानकारी मिली कि कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शनकारी एकत्र हो सकते हैं। इसलिए एहतियातन कदम उठाया गया है। हमने अवरोधक लगाए हैं और पुलिसकर्मियों को तैनात किया है ताकि कोई अवांछित परिस्थित पैदा नहीं हो।’’

इससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली में ‘नेशनल हेराल्ड’ कार्यालय में यंग इंडियन कंपनी के परिसर को ‘अस्थायी रूप से सील’ कर दिया।

भाषा हक

हक प्रशांत

प्रशांत