सत्ता के अहंकार में सरकार इतिहास के तथ्यों को तोड़-मरोड़ रही है : अशोक गहलोत
सत्ता के अहंकार में सरकार इतिहास के तथ्यों को तोड़-मरोड़ रही है : अशोक गहलोत
जयपुर, 10 जुलाई (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की किताबों में कथित बदलाव को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और इसे संकीर्ण मानसिकता का परिचायक बताया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि जिस विचारधारा का देश के स्वाधीनता संग्राम से कोई सरोकार नहीं रहा, जिसने आजादी की लड़ाई में हथियार तो क्या एक तिनका तक नहीं उठाया, वो आज सत्ता के अहंकार में आकर इतिहास के तथ्यों को तोड़ मरोड़ रही है।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘’एनसीईआरटी की कक्षा आठ की किताबों में किए गए हालिया बदलाव इसी संकीर्ण मानसिकता का हिस्सा हैं।’
पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर हर मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह गलत ‘जनमत’ बनाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सरकार आज हर मोर्चे पर नाकाम हो चुकी है। अपनी कमियों और नाकामियों को सुधारने के बजाय, ये हमारे महान पूर्वजों और स्वतंत्रता सेनानियों पर छींटाकशी कर गलत ‘नैरेटिव’ (विमर्श) गढ़ने की कोशिश कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देश के युवा इस राजनैतिक दुष्प्रचार और गौरवशाली इतिहास के साथ हो रहे खिलवाड़ को अच्छी तरह समझ रहे हैं।’’
भाषा पृथ्वी नरेश अविनाश
अविनाश

Facebook


