तमिलनाडु में खेल सुविधाओं का कायाकल्प करेगी सरकार: मंत्री आधव अर्जुन

Ads

तमिलनाडु में खेल सुविधाओं का कायाकल्प करेगी सरकार: मंत्री आधव अर्जुन

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 05:07 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 05:07 PM IST

चेन्नई, एक सितंबर (भाषा) तमिलनाडु सरकार ने मंगलवार को राज्यभर में खेल सुविधाओं के आधुनिकीकरण की एक महत्वाकांक्षी योजना की रूपरेखा पेश की। इसके तहत ‘सभी के लिए खेल’ (प्ले फॉर ऑल) पहल की शुरुआत की जाएगी, जिसके माध्यम से गावों में मौजूद 500 खेल के मैदानों को चिह्नित कर उनका कायाकल्प किया जाएगा।’

राज्य के खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने विधानसभा में इस आधुनिकीकरण योजना की रूपरेखा पेश की। उन्होंने आश्वासन दिया कि मौजूदा खेल सुविधाओं का कायाकल्प किया जा रहा है ताकि उनका पूरे वर्ष इस्तेमाल किया जा सके। इसके साथ ही जमीनी स्तर पर खेल कार्यक्रमों के विस्तार पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।

इससे पहले दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर विधायकों ने राज्य में खेल के बुनियादी ढांचे की मौजूदा स्थिति पर ध्यान आकर्षित करते हुए आधुनिक मैदानों, इंडोर स्टेडियम और स्थानीय खिलाड़ियों के लिए रोजगार कोटा प्रदान करने की मांग की।

इसके जवाब में मंत्री ने वेलावन कुदियिरुप्पु में खेल उपकरणों के भंडारण की सुविधा को लेकर नांगुनेरी विधानसभा क्षेत्र से की गई मांग को लेकर कहा कि इस परियोजना को ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से पूरा किया जाएगा।

मंत्री ने साल 2026-27 के लिए ‘सभी के लिए खेल’ नाम से एक नयी पहल की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य राज्यभर के 500 ग्रामीण खेल के मैदानों को चिह्नित कर उनका कायाकल्प करना है।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश