सरकार आम जगहों पर परेशानी पैदा करने वाले संगठनों की गतिविधियों को रोकना चाहती है: सिद्धरमैया

Ads

सरकार आम जगहों पर परेशानी पैदा करने वाले संगठनों की गतिविधियों को रोकना चाहती है: सिद्धरमैया

  •  
  • Publish Date - October 15, 2025 / 04:23 PM IST,
    Updated On - October 15, 2025 / 04:23 PM IST

हासन (कर्नाटक), 15 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार न केवल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) बल्कि स्कूलों, सार्वजनिक परिसरों या पार्कों में अशांति फैलाने वाले किसी भी संगठन की गतिविधियों को रोकना चाहती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी इस संबंध में पड़ोसी राज्य तमिलनाडु द्वारा उठाए गए कदमों का अध्ययन कर रहे हैं।

सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा था कि उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव को सरकारी परिसरों में आरएसएस की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने के तमिलनाडु के फैसले पर गौर करने का निर्देश दिया था।

मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में पत्रकारों से कहा, ‘‘न केवल आरएसएस, बल्कि किसी भी संगठन को स्कूलों, सार्वजनिक परिसरों और पार्कों में ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जिससे दूसरों को परेशानी हो। तमिलनाडु ने इस संबंध में कदम उठाए हैं। हम इस बारे में जानकारी जुटा रहे हैं कि तमिलनाडु ने क्या किया है।’’

राज्य सरकार में मंत्री प्रियंक खरगे ने हाल में सिद्धरमैया को पत्र लिखकर पूरे कर्नाटक में सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक परिसरों में आरएसएस की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया था।

खरगे ने दावा किया था कि ऐसी गतिविधियां भारत की एकता और संविधान के खिलाफ हैं।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को चार अक्टूबर को लिखे एक पत्र में, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पुत्र प्रियंक खरगे ने आरोप लगाया था कि आरएसएस सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर भी अपनी शाखाएं चला रहा है, जहां ‘‘नारे लगाए जाते हैं और बच्चों तथा युवाओं के मन में नकारात्मक विचार भरे जाते हैं।’’

भाषा

देवेंद्र माधव

माधव