सासाराम, 18 सितंबर (भाषा) बिहार के रोहतास जिले में शुक्रवार को प्रतिमा विसर्जन के लिए सोन नदी की ओर जा रहे लोगों के एक समूह के ट्रक की चपेट में आने से 13 वर्षीय लड़के सहित दो लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान रोहतास के रामडीहरा गांव के निवासी अजीत कुमार (22) और आशीष शर्मा के रूप में हुई है।
अमझोर थाने के प्रभारी अमित कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘स्थानीय लोगों के अनुसार, यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-119 पर रामडीहरा गांव के पास उस समय हुई जब वे बृहस्पतिवार रात भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा विसर्जित करने जा रहे थे। ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।’’
उन्होंने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक के सहायक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चालक भागने में सफल रहा।
कुमार ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया गया है और घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल