गुवाहाटी, तीन अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि सरकार कभी भी किसी भारतीय या असमिया व्यक्ति को बेदखल नहीं करेगी। इससे एक दिन पहले उन्होंने कहा था कि स्थानीय लोगों द्वारा सार्वजनिक भूमि पर अनधिकृत कब्जे को अतिक्रमण नहीं माना जाता है।
बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) में एक चुनाव अभियान बैठक के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए शर्मा ने बीटीआर में रहने वाले गैर-आदिवासी लोगों के मन से डर को कम करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, ‘बेदखली को लेकर चिंता न करें। यह एक अलग विभाग है जो तय करेगा कि किसे बेदखल करना है। किसी भी भारतीय या असमिया व्यक्ति को बेदखल नहीं किया जाएगा, बस यह ध्यान रखें।’
शनिवार को मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार स्थानीय लोगों द्वारा सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे को अतिक्रमण नहीं मानती, जबकि अवैध विदेशियों या संदिग्ध नागरिकों के मामले में ऐसा होता है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार राज्य भर में संदिग्ध विदेशियों द्वारा किये गये अतिक्रमण के खिलाफ अपना बेदखली अभियान जारी रखेगी।
बोडोलैंड में रहने वाले गैर-आदिवासियों के बारे में शर्मा ने कहा, ‘जब तक हिमंत विश्व शर्मा जीवित हैं, तब तक कोई भी आपको छू नहीं सकता। सभी को बता दें कि वह (शर्मा) वहां हैं और अगर कुछ हुआ तो वह आएंगे।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश