तिरुवनंतपुरम, 25 अगस्त (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने मंगलवार को कहा कि वह और उनके मंत्री आलोचनाओं से परे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आलोचनाओं को सहनशीलता के साथ स्वीकार करेगी और यदि उनमें सच्चाई होगी तो खुद में सुधार करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
हालांकि, मुख्यमंत्री ने निजी हितों के लिए उनकी सरकार को बदनाम करने के प्रयासों को खारिज करने की चेतावनी दी।
संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर लिखे एक लेख में सतीशन ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्री आलोचनाओं से परे नहीं हैं तथा कोई भी सरकार की गलतियां बता सकता है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को यह लेख मीडिया के साथ साझा किया।
सतीशन ने कहा कि आलोचना में सच्चाई होने पर सरकार अपनी कमियों को दूर करने में संकोच नहीं करेगी, लेकिन सरकार की छवि खराब करने या निजी हितों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से हमला करने के प्रयासों को उचित रूप से खारिज किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मीडिया संस्थानों की मदद से एक समूह ने उनके नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार के सत्ता में तीन महीने पूरे होने से पहले ही उसे बदनाम करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोप 24 घंटे भी नहीं टिक सके और इन्हें उन्होंने ‘‘घटिया प्रचार’’ करार दिया।
मुख्यमंत्री ने उन आरोपों को भी खारिज किया कि सरकार ने सोशल मीडिया से मीडिया रिपोर्ट हटाने के लिए हस्तक्षेप किया था। उन्होंने कहा कि मेटा ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया था कि इस मामले में सरकार की कोई भूमिका नहीं थी।
सतीशन ने कहा कि सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले उसके दुश्मन नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सभी की बात सुनेगी और वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, सरकार किसी दबाव समूह के सामने आत्मसमर्पण नहीं करेगी। जनता हमारी ताकत है।’’
सतीशन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सामाजिक कल्याण के साथ-साथ विकास को आगे बढ़ाना है।
भाषा राखी रंजन
रंजन