पीवीआर आईनॉक्स शेयर की पुनर्खरीद पर विचार करेगी, 31 अगस्त को निदेशक मंडल की बैठक

Ads

पीवीआर आईनॉक्स शेयर की पुनर्खरीद पर विचार करेगी, 31 अगस्त को निदेशक मंडल की बैठक

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 01:47 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 01:47 PM IST

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) पीवीआर आईनॉक्स लिमिटेड के निदेशक मंडल की 31 अगस्त की बैठक में कंपनी के शेयर की पुनर्खरीद के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।

कंपनी ने इसकी जानकारी नहीं दी कि पुनर्खरीद के तहत कितने शेयर खरीदे जाएंगे या किस कीमत पर पुनर्खरीद की पेशकश की जाएगी।

पीवीआर आईनॉक्स ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक सोमवार, 31 अगस्त 2026 को होगी। बैठक में अन्य बातों के साथ-साथ 10 रुपये अंकित मूल्य वाले कंपनी के शेयर की पुनर्खरीद के प्रस्ताव और उससे जुड़े अन्य मामलों पर विचार एवं मंजूरी दी जाएगी।’’

कंपनी ने कहा कि सेबी के 2015 के सूचीबद्धता दायित्व एवं खुलासा आवश्यकताएं (एलओडीआर) विनियमों के अनुसार, निदेशक मंडल की बैठक के नतीजे बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद शेयर बाजारों को बताए जाएंगे।

पीवीआर आईनॉक्स भारत की सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स श्रृंखला है। इसका गठन 2023 में पीवीआर लिमिटेड और आईनॉक्स लीजर के विलय के बाद हुआ था। 30 जून 2026 तक पीवीआर आईनॉक्स भारत और श्रीलंका के 113 शहरों में 1,779 स्क्रीन संचालित कर रही थी।

भाषा निहारिका

निहारिका

निहारिका