जयपुर, 15 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार ‘विकसित राजस्थान’ के निर्माण के संकल्प के साथ काम कर रही है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ रहा है।
शर्मा ने अमर जवान ज्योति पर राजस्थान दिवस समारोह के तहत आयोजित ‘विकसित राजस्थान रन’ में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों का उत्साह राज्य को विकसित बनाने के सरकार के संकल्प को और मजबूत करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘स्वास्थ्य ही धन है। दिन की शुरुआत दौड़ से करने पर पूरे दिन ऊर्जा बनी रहती है। फिट और स्वस्थ रहना बेहद ज़रूरी है।’’
उन्होंने बताया कि इसी तरह की दौड़ राज्य के अन्य जिलों में भी आयोजित की जा रही है।
शर्मा ने कहा कि राजस्थान दिवस पारंपरिक रूप से 30 मार्च को मनाया जाता था, क्योंकि 1949 में कई रियासतों के विलय से ग्रेटर राजस्थान का गठन हुआ था।
उन्होंने कहा कि उस दिन चैत्र शुक्ल प्रतिपदा थी इसलिए राज्य सरकार ने पिछले वर्ष से राजस्थान दिवस को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर मनाना शुरू किया। इस वर्ष यह तिथि 19 मार्च को है और मुख्य समारोह जालोर में होगा।
राजस्थान दिवस के कार्यक्रमों की श्रृंखला 14 मार्च से शुरू हुई है और 19 मार्च तक पूरे राज्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राजस्थान जनजातीय गौरव दिवस 16 मार्च को बेणेश्वर धाम में आयोजित किया जाएगा। इसमें विकास कार्यों की नींव, जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी और संवाद सत्र होगा।
इसके बाद 17 मार्च को जयपुर में राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन-राजस्थान युवा शक्ति दिवस आयोजित किया जाएगा जबकि 18 मार्च को किसान एवं पशुपालक समृद्धि दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य संचालित मंदिरों में संध्या आरती होगी और महाआरती में मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
जालोर में 19 मार्च को राजस्थान दिवस समारोह का मुख्य आयोजन होगा और शाम को जयपुर में राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
भाषा बाकोलिया
सिम्मी
सिम्मी