केरल की नवजात अंगदाता के दादा ने ‘मन की बात’ में उल्लेख के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया

केरल की नवजात अंगदाता के दादा ने ‘मन की बात’ में उल्लेख के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया

केरल की नवजात अंगदाता के दादा ने ‘मन की बात’ में उल्लेख के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया
Modified Date: February 22, 2026 / 08:57 pm IST
Published Date: February 22, 2026 8:57 pm IST

पथनमथिट्टा (केरल), 22 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में जिस दस माह की अंगदाता आलिन शेरिन का जिक्र किया, उसके दादा ने परिवार का उल्लेख करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

केरल की सबसे कम उम्र की अंगदाता आलिन के दादा रेजी सैमुअल ने यहां मल्लापल्ली में पत्रकारों से कहा कि शोकाकुल परिवार को इस बात से कुछ राहत मिली है कि भारत सरकार ने रेडियो संबोधन में उनका जिक्र किया, जिससे दूसरों को प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ एक तरफ हम बच्ची की मौत से दुखी हैं, वहीं दूसरी तरफ हमें खुशी है कि देश ने इसे स्वीकार किया है।’’

सैमुअल ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर परिवार की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमने यह प्रचार या प्रसिद्धि के लिए नहीं किया। हमें केवल उन लोगों के प्रति सहानुभूति है जो इस तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं और तथ्यों को तोड़-मरोड़ रहे हैं।’’

दरअसल, अपने मासिक रेडियो संबोधन ‘मन की बात’ में मोदी ने केरल की 10 महीने की बच्ची आलिन शेरिन अब्राहम की मौत के बारे में बात की, जिसके माता-पिता ने उसके अंग दान करने का फैसला किया था।

आलिन शेरिन अपनी मां और नाना-नानी के साथ पांच फरवरी को यात्रा कर रही थी कि तभी कोट्टायम के पास पल्लम में एमसी रोड पर एक सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चिकित्सकों ने 12 फरवरी को उसे ‘ब्रेन डेड’ घोषित कर दिया। इसके बाद उसके परिवार ने अंगदान का फैसला किया था।

भाषा शोभना नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में