ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: बिहार में पंजीकरण, राजस्थान का फिटनेस और हरियाणा का प्रदूषण प्रमाणपत्र

ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: बिहार में पंजीकरण, राजस्थान का फिटनेस और हरियाणा का प्रदूषण प्रमाणपत्र

ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड: बिहार में पंजीकरण, राजस्थान का फिटनेस और हरियाणा का प्रदूषण प्रमाणपत्र
Modified Date: September 24, 2026 / 03:21 pm IST
Published Date: September 24, 2026 3:21 pm IST

नोएडा (उप्र), 24 सितंबर (भाषा) यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से नौ लोगों की मौत के बाद बस के संचालन और उसके दस्तावेजों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। नोएडा पुलिस की जांच में सामने आया है कि दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही यह बस मध्य प्रदेश की ‘राजकल्पना ट्रैवल्स’ की थी, जिसका पंजीकरण बिहार में हुआ था, जबकि फिटनेस प्रमाणपत्र राजस्थान और प्रदूषण प्रमाणपत्र हरियाणा से जारी किया गया था।

पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) रवि शंकर निम ने बताया कि बस का नोएडा में कोई निर्धारित ठहराव नहीं था। प्रारंभिक जांच में बस के एयर कंडीशनर में चिंगारी के कारण आग लगने की बात सामने आई है। पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि बस मध्य प्रदेश से संचालित होने वाली राजकल्पना ट्रैवल्स की है। यह बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा के लिए जा रही थी। बस का पंजीकरण बिहार में हुआ और इसका फिटनेस प्रमाण पत्र राजस्थान से, जबकि प्रदूषण प्रमाण पत्र हरियाणा से जारी हुआ है।

निम ने बताया कि नोएडा पुलिस दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर यह जानकारी मांगेगी कि कश्मीरी गेट से इतनी बड़ी संख्या में बसों का कथित तौर पर अवैध रूप से संचालन किस प्रकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि बस के संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात हुई इस घटना के समय बस में 35 यात्री सवार थे। 26 यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया, जबकि नौ लोगों की मौत हो गई। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया गया है।

घटना के बाद कश्मीरी गेट से संचालित होने वाली डबल डेकर बसों को लेकर पहले की घटनाएं भी चर्चा में आ गई हैं। चार अगस्त को कश्मीरी गेट से चलने वाली एक डबल डेकर बस में एक किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था।

इसके बाद नोएडा पुलिस ने भी बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की और कई बसों को जब्त किया गया।

भाषा सं. गोला मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में