गुजरात: व्यावसायिक परिसर में आग लगी, 25 लोगों को बचाया गया
गुजरात: व्यावसायिक परिसर में आग लगी, 25 लोगों को बचाया गया
अहमदाबाद, 27 अप्रैल (भाषा) अहमदाबाद स्थित एक व्यावसायिक इमारत में सोमवार को आग लग गई और यह तेजी से भूतल से ऊपरी मंजिलों पर फैल गयी जिससे कई लोग वहां फंस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सबसे ऊपरी मंजिल में 25 लोग फंस गए, जिन्हें वहां से निकाला गया और इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
श्याममल क्रॉसरोड्स के पास स्थित शंग्रीला-2 आर्केड में हुई इस घटना में कुछ दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। शंग्रीला-2 आर्केड चार मंजिला इमारत है जिसमें भूतल पर एक बैंक और ऊपरी मंजिलों पर कार्यालय तथा एक जिम स्थित हैं।
अधिकारियों के अनुसार, भूतल पर स्थित निजी बैंक की शाखा के अंदर एटीएम इकाई के पास आग शुरू हुई और यह तेजी से फैलते हुए पार्किंग क्षेत्र तथा ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई।
एक अधिकारी ने बताया कि चौथी मंजिल पर स्थित जिम में फंसे कम से कम 25 लोगों को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित निकाल लिया।
अग्निशमन नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 10 बजकर करीब 15 मिनट पर आग की सूचना मिलने के बाद दमकल की 38 गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गयीं।
संभागीय अग्निशमन अधिकारी कैजाद दस्तूर ने बताया कि “ऊपरी मंजिल पर फंसे लगभग 25 लोगों को हमारे कर्मियों ने सुरक्षित नीचे उतार लिया और कोई हताहत नहीं हुआ।’’
भाषा यासिर अविनाश
अविनाश

Facebook


