गुजरात : हत्या के आरोपी ने भागने की कोशिश में पुलिसकर्मियों पर किया हमला, मुठभेड़ में मारा गया

गुजरात : हत्या के आरोपी ने भागने की कोशिश में पुलिसकर्मियों पर किया हमला, मुठभेड़ में मारा गया

गुजरात : हत्या के आरोपी ने भागने की कोशिश में पुलिसकर्मियों पर किया हमला, मुठभेड़ में मारा गया
Modified Date: July 20, 2026 / 01:39 pm IST
Published Date: July 20, 2026 1:39 pm IST

आणंद, 20 जुलाई (भाषा) गुजरात के आणंद जिले में एक बच्ची के अपहरण और हत्या का आरोपी एक युवक पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। आरोपी ने कथित तौर पर हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान छिपाकर रखे चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अहमदाबाद रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राघवेंद्र वत्स ने बताया कि रविवार रात हुए इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने कहा कि आरोपी को पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली मारी थी, और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वत्स ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोपी युवक की मुठभेड़ में मौत हो गई। उसने छिपाकर रखे चाकू से रविवार रात पुलिसकर्मियों पर हमला किया और भागने की कोशिश की थी। चाकू से किए गए हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।’’

पुलिस ने मृतक की पहचान सुरेश परमार के रूप में की है, जिसकी उम्र करीब 20 साल थी। उस पर जिले के वसाड इलाके से साढ़े चार साल की एक बच्ची के अपहरण और हत्या का आरोप था।

आणंद पुलिस के अनुसार, बच्ची अपने माता-पिता के साथ वसाड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर सो रही थी और शनिवार रात करीब 9:15 बजे उसका अपहरण कर लिया गया। रविवार तड़के उसका शव रेलवे पटरियों पर मिला। बच्ची के माता-पिता प्रवासी मजदूर हैं।

रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बच्ची को ले जाते हुए देखा गया। रेलवे पुलिस, आणंद जिला पुलिस, स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी), विशेष अभियान समूह (एसओजी) और वसाड पुलिस की कई टीमों ने तलाश अभियान शुरू किया।

पुलिस ने बताया कि आणंद के बोरसद कस्बे के रहने वाले परमार को रविवार देर शाम बोरसद ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया और जांच के लिए उसे स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) को सौंप दिया गया।

उन्होंने बताया कि रविवार रात जब एलसीबी के कर्मी परमार को आणंद शहर ला रहे थे, तभी उसने उल्टी आने की बात कहकर पुलिस दल से वाहन रोकने को कहा। वाहन रुकने के बाद उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश में चाकू से दो पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि एक उपनिरीक्षक ने आरोपी को बार-बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह हमला करता रहा, जिसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा के लिए गोली चलानी पड़ी।

उन्होंने बताया कि परमार को गोली लगी थी और उसे करमसद के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार तड़के उसने दम तोड़ दिया।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में