गुजरात पुलिस ने 20 राज्यों में फैले साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 10 गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने 20 राज्यों में फैले साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 10 गिरफ्तार
गांधीनगर, पांच मई (भाषा) पुलिस ने 53 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी में शामिल एक गिरोह से जुड़े 10 लोगों को गुजरात से गिरफ्तार किया है, जो कम से कम 20 राज्यों में फैला है। पुलिस ने मंगलवार को यहां यह जानकारी दी।
गांधीनगर स्थित ‘साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ की एक टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक आणंद निवासी साहिलमिया शब्बीरमिया मालिक ने कथित तौर पर पेटलाद कस्बे (आणंद जिला) के सलमान वोहरा का कर्नाटक बैंक खाता मुहैया कराया था। वोहरा मुंबई में 2024 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘तकनीकी निगरानी के आधार पर टीम ने साइबर अपराधों से प्राप्त धन के लेन-देन में कमीशन पर काम कर रहे 10 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पता चला कि विभिन्न राज्यों में 53.55 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई, जहां पीड़ितों द्वारा साइबर धोखाधड़ी की कुल 132 शिकायतें दर्ज कराई गई थीं।’
विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से 11 मोबाइल फोन, 11 चेकबुक, पासबुक और डेबिट कार्ड जब्त किए। जब्त किए गए मोबाइल फोन के विश्लेषण से 197 बैंक खातों का विवरण सामने आया, जिनमें से 60 खाते सीधे तौर पर साइबर अपराध के 132 मामलों से जुड़े हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार ये मामले कम से कम 20 राज्यों में फैले हुए हैं, जिनमें सबसे अधिक मामले गुजरात (22) में दर्ज किए गए, उसके बाद कर्नाटक (14), महाराष्ट्र (13), उत्तर प्रदेश (10) और केरल (10) का स्थान रहा।
विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में निजामुद्दीन दीवान, तुषार वलंद, मोइन मलिक और कृपाल देसाई (सभी आणंद जिले से); सोहिल मालिक (बोरसाद से); जिग्नेश पटेल, वनराज भरवाड़ और रिकेन उर्फ रॉकी (सभी खेड़ा जिले से) और आकाश पटेल (अहमदाबाद जिले से) शामिल हैं।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश

Facebook


